रायगढ़ : महापौर एवं सभापति ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद, अभियान का हुआ शुभारंभ

PTV BHARAT 28 JUNE 2026 रायगढ़ : महापौर एवं सभापति ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद, अभियान का हुआ शुभारंभ – जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ रविवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामभाठा, संजय मैदान में किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान एवं सभापति डिग्री लाल साहू ने नन्हे बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेगा। सभापति डिग्री लाल साहू ने भी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए सभी लोग आगे आकर स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में 28 से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 34 हजार 980 बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिलेभर में व्यापक तैयारियां की गई हैं ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रह जाए। अभियान के प्रथम दिवस जिले के 1307 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसके साथ ही शेष बच्चों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर दवा पिलाने का कार्य करेगी। अभियान को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियोरोधी खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए अभिभावक अपने बच्चों को निर्धारित अवधि में अवश्य पोलियो की दवा पिलाएं।

इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानु पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा, नोडल अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन दीदियाँ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *