बालोद : सुशासन की मिसाल बना सीएम हेल्पलाइन 1076: टेमन लाल की समस्या का सीएम हेल्पलाइन से मात्र 6 घंटे में हुआ समाधान

PTV BHARAT 30 JUNE 2026 बालोद : सुशासन की मिसाल बना सीएम हेल्पलाइन 1076: टेमन लाल की समस्या का सीएम हेल्पलाइन से मात्र 6 घंटे में हुआ समाधान – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। सुशासन की मिसाल बन रहे सीएम हेल्पलाइन 1076 से बालोद जिले के ग्राम बोरी निवासी टेमन लाल साहू की ढेड़ माह से हो रही एक समस्या का निवारण मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से महज 6 घंटे के भीतर हो गया है।

टेमन लाल साहू का विवाह तीन माह पूर्व हुआ था। वे अपने राशन कार्ड में नवविवाहित पत्नी का नाम दर्ज कराना चाहते थे, जिसके लिए तकनीकी नियमानुसार पत्नी के आधार कार्ड में पति का नाम और पता अपडेट होना अनिवार्य था। इस छोटे से सुधार के लिए टेमन लाल पिछले डेढ़ महीने से लगातार विभिन्न केंद्रों के चक्कर काट रहे थे। तकनीकी दिक्कतों और कई कोशिशों के बाद भी उनका काम नहीं हो पा रहा था, जिससे वे काफी निराश हो चुके थे। इसी निराशा के बीच टेमन लाल को बालोद डिस्ट्रिक्ट के सोशल मीडिया एकाउंट के माध्यम से राज्य सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1076 के बारे में पता चला। उन्होंने बिना समय गंवाए इस नंबर पर कॉल करके अपनी समस्या दर्ज कराई।

हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होते ही जिले के ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने सीधे टेमन लाल से संपर्क किया और उनके आवश्यक दस्तावेज लेकर त्वरित कार्रवाई शुरू की। प्रशासनिक तत्परता और संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस काम के लिए हितग्राही डेढ़ महीने से परेशान था, वह मात्र 06 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। आधार कार्ड में सुधार होने के बाद अब टेमन लाल अपनी पत्नी का नाम राशन कार्ड में आसानी से दर्ज करा सकेंगे, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

अपनी खुशी और राहत साझा करते हुए टेमन लाल साहू ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 हम जैसे आम लोगों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। जहाँ महीनों से काम अटका हुआ था, वहाँ सिर्फ एक कॉल से कुछ ही घंटों में समाधान मिल गया। इसके सुचारू संचालन के लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सहृदय धन्यवाद देता हूँ। उन्होंने जिले के अन्य नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रशासनिक समस्या या काम में देरी होने पर सीएम हेल्पलाइन 1076 का लाभ जरूर उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *