बलौदाबाजार : कलेक्टर ने दिव्यांगजनों को प्रदान किए सहायक उपकरण

PTV BHARAT 1 JULY 2026 बलौदाबाजार : कलेक्टर ने दिव्यांगजनों को प्रदान किए सहायक उपकरण – जिले में दिव्यांगजनों को सुविधा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरणों का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को तीन दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए। बलौदाबाजार विकासखण्ड के ग्राम खम्हरिया निवासी 31 वर्षीय युवक रवींद्र कुमार घृतलहरे को श्रवण यंत्र, कसडोल विकासखण्ड के ग्राम खर्वे निवासी कुमारी लक्ष्मी नवरंगे को व्हीलचेयर तथा पलारी विकासखण्ड के ग्राम ओडान निवासी 27 वर्षीय युवक उत्तम कुमार साहू को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।

सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। उत्तम कुमार साहू की माता श्रीमती खेमिन साहू ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही सुनने और बोलने में परेशानी का सामना कर रहा था, जिससे दैनिक जीवन में काफी कठिनाइयां आती थीं। उन्होंने कहा कि श्रवण यंत्र मिलने से अब उनके बेटे को काफी राहत मिलेगी और उसकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंदों को मिल रही इस मदद से परिवारों को बड़ी सहायता मिल रही है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को चिन्हांकित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने दैनिक कार्य कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *