गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

PTV BHARAT 1 JULY 2026 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित – राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित स्वास्थ्य परीक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी डॉ. कैलाश मरकाम, जनप्रतिनिधि सुरेन्द्र राठौर, दिल प्रसाद, जिले के समस्त आयुष चिकित्सकों सहित आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए गए। इसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ पौधारोपण किया गया। सभी प्रतिभागियों ने रोपे गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. कैलाश मरकाम ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सकों की भूमिका केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग एवं आयुष पद्धति के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण, समृद्ध समाज की आधारशिला है।

कार्यक्रम का समापन गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *