कवर्धा : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विजन पर अमल: कबीरधाम में मेरा कचरा-मेरी जिम्मेदारी अभियान तेज

PTV BHARAT 1 JULY 2026 कवर्धा : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विजन पर अमल: कबीरधाम में मेरा कचरा-मेरी जिम्मेदारी अभियान तेज – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के “स्वच्छ छत्तीसगढ़-समृद्ध छत्तीसगढ़” के विजन पर अमल करते हुए कबीरधाम जिले में “मेरा कचरा-मेरी जिम्मेदारी” अभियान तेज कर दिया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में वृहद जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

पायलट प्रोजेक्ट के रूप में अक्टूबर 2026 तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों को पूर्ण रूप से लागू करने के लिए जिले की 60 ग्राम पंचायतों का चिन्हांकन किया गया है। इनमें चार प्रकार के अलग-अलग रंगों के डिब्बों में विभिन्न प्रकार के कचरे को एकत्रित करने का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत हरा डिब्बा-गीला कचरा, नीला डिब्बा-सूखा कचरा, लाल निशान-सेनेटरी कचरा तथा काला डिब्बा-घरेलू हानिकारक कचरा पृथक-पृथक एकत्रित किया जा रहा है। हरे डिब्बे का मतलब खाद, नीले डिब्बे का मतलब आय, लाल डिब्बे का मतलब खतरनाक कचरा तथा काले डिब्बे का मतलब हानिकारक कचरा बताकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के संदेश “कचरा अलग करेंगे, बीमारी भगाएंगे” को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वच्छता दीदियों एवं विभागीय अमले के माध्यम से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। महिला स्वच्छाग्राही दीदियां डोर-टू-डोर जाकर सूखा, गीला, सेनेटरी तथा विशेष कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर रही हैं। साथ ही ग्रामीणों को कचरा खुले में, नालियों या सड़कों पर न फेंकने तथा उसे न जलाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने तथा इसके पर्यावरण एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी जा रही है। ग्रामीणों को प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि उप मुख्यमंत्री की मंशानुरूप “मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी” की भावना के साथ व्यवहार परिवर्तन लाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए ग्राम सभाओं, रैलियों, नुक्कड़ नाटक एवं शपथ कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कबीरधाम की सभी ग्राम पंचायतों को चरणबद्ध तरीके से इस अभियान में शामिल किया जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में कबीरधाम को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश का मॉडल जिला बनाया जाएगा। जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) संजय सोनी ने बताया कि विभागीय अमला एवं मिशन के कर्मचारी लगातार गांवों का दौरा कर लोगों को कचरे के सही निपटान के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता से ही इस मिशन को सफलता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *