PTV BHARAT 1 JULY 2026 कवर्धा : एग्रीस्टेक पोर्टल में शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें: कलेक्टर गोपाल वर्मा – कलेक्टर गोपाल वर्मा ने समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में जिले के सभी पात्र किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का अब तक पंजीयन नहीं हो पाया है, विशेषकर एक्जेम्प्टेड (छूट प्राप्त) श्रेणी के किसानों का प्राथमिकता के आधार पर पंजीयन कराया जाए। इसमें एफआरए (वन अधिकार पट्टाधारी), वन पट्टाधारी, संस्थागत, शासकीय पट्टाधारी तथा ग्राम नौकर श्रेणी के किसान शामिल हैं। इसके साथ ही अन्य छूटे हुए सभी किसानों का भी पोर्टल में पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि पूर्व में एग्रीस्टेक पोर्टल में इन श्रेणियों के किसानों के पंजीयन का विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका पंजीयन नहीं हो सका था। इस वर्ष पोर्टल में इन श्रेणियों के किसानों के लिए पंजीयन का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है। इसलिए संबंधित अधिकारी ऐसे सभी किसानों का चिन्हांकन कर उनका पंजीयन प्राथमिकता से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिले में किसान पंजीयन के लिए समिति स्तर पर 10 जुलाई 2026 तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से किसान अपना एग्रीस्टेक पंजीयन करा सकते हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों के ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविरों में समिति प्रबंधक, वीएलई, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर किसानों का पंजीयन कराएं। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को शिविरों की जानकारी दें, ताकि जिले के सभी पात्र किसानों का समय-सीमा के भीतर एग्रीस्टेक में पंजीयन पूर्ण किया जा सके।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे अपनी आईडी में प्राप्त प्रकरणों की लगातार समीक्षा करें तथा समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने सुशासन तिहार के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि आगामी दो दिनों के भीतर सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की ब्लॉकवार समीक्षा भी की। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा स्वीकृत आवासों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में एडीएम विनय पोयाम, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

