PTV BHARAT 3 JULY 2026 कोरबा : कोरबा को मिली 37.28 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक सौगात, 15वें वित्त आयोग अंतर्गत 116 विकास कार्यों को स्वीकृति – हर गली पक्की बने, कहीं जलभराव न हो और कोरबा एक सुव्यवस्थित एवं विकसित शहर बने—इसी संकल्प को साकार करते हुए नगर विधायक एवं प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से नगर पालिक निगम कोरबा को 15वें वित्त आयोग अंतर्गत 37 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक राशि के 116 विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा अप्रैल 2026 में विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति हेतु राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। इन प्रस्तावों की शीघ्र स्वीकृति के लिए मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से भेंट कर तत्काल स्वीकृति का आग्रह किया, जिसके बाद सभी प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
मंत्री देवांगन के नेतृत्व में कोरबा नगर के विकास के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं के तहत राशि स्वीकृत हो रही है। अब तक शहर के लिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनका लाभ अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।
इस स्वीकृति के अंतर्गत शहर के सभी वार्डों में सीसी सड़क, आरसीसी नाली, जल निकासी, पेयजल प्रबंधन, सड़क निर्माण तथा अन्य मूलभूत अधोसंरचना से जुड़े 116 विकास कार्य शामिल हैं। इनमें वार्डवार गली-गली तक सड़क एवं नाली निर्माण के कार्य होंगे, जिससे वर्षों पुरानी जलभराव और आवागमन की समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है।
स्वीकृत सूची में वार्ड क्रमांक 1 से लेकर सभी वार्डों तक सड़क एवं नाली निर्माण, तालाबों के आसपास जल निकासी व्यवस्था, प्रमुख मार्गों का उन्नयन तथा मोहल्लों की आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसे कोरबा नगर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि अब ट्रिपल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से बड़े अधोसंरचनात्मक कार्यों के साथ-साथ गली-मोहल्लों की छोटी-छोटी समस्याओं का भी तेजी से समाधान किया जा रहा है। उनका लक्ष्य है कि कोरबा का कोई भी वार्ड विकास से अछूता न रहे और प्रत्येक नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है तथा भविष्य में भी शहर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

