PTV BHARAT 4 JULY 2026 रायपुर : धमतरी में माफियाओं पर प्रशासन का सख्त शिकंजा, राजस्व और खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई – धमतरी जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे 8 ट्रैक्टरों को रंगे हाथों जब्त किया। इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया।
प्रशासन को लगातार कोलियारी-धमतरी मार्ग पर अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त जांच टीम गठित की गई। टीम ने मार्ग पर घेराबंदी कर रेत से भरे ट्रैक्टरों की जांच की और खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, रॉयल्टी पर्ची एवं अनुमति पत्र की मांग की। वाहन चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 8 ट्रैक्टरों को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखवा दिया। सभी मामलों में खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की चेतावनी, आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, खनिज परिवहन या भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने वाहन संचालकों से अपील की है कि वे केवल वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही खनिजों का परिवहन करें।

