धमतरी : आईएफसी नर्सरी बनी किसानों की उम्मीद, गुणवत्तापूर्ण पौधों से बढ़ रही आय और आत्मनिर्भरता बिहान की आईएफसी नर्सरी से सशक्त हो रहे किसान और महिला समूह

PTV BHARAT 5 JULY 2026 धमतरी : आईएफसी नर्सरी बनी किसानों की उम्मीद, गुणवत्तापूर्ण पौधों से बढ़ रही आय और आत्मनिर्भरता – छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” के अंतर्गत जनपद पंचायत धमतरी द्वारा संचालित आईएफसी (IFC) परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन का प्रभावी मॉडल बनकर उभर रही है। सद्भावना महिला संकुल स्तरीय संगठन, दोनर के सहयोग से संचालित आजीविका सेवा केंद्र (नर्सरी इकाई) किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों के लिए गुणवत्तापूर्ण पौधों का विश्वसनीय स्रोत बन चुकी है।

पहले किसानों को सब्जी एवं फलदार पौधों के लिए दूर-दराज के बाजारों पर निर्भर रहना पड़ता था। आईएफसी नर्सरी की स्थापना के बाद अब स्थानीय स्तर पर प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण पौधे समय पर उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे खेती की लागत घटी है और उत्पादन की संभावनाएं बढ़ी हैं।

नर्सरी में टमाटर, मिर्च, बैंगन, फूलगोभी, करेला, मूनगा (सहजन), पपीता, कटहल और नारियल सहित विभिन्न सब्जी एवं फलदार पौधों की उन्नत पौध तैयार की जा रही है। इनका वितरण उत्पादक समूहों एवं क्लस्टरों के माध्यम से किसानों तक किया जाता है, जिससे क्लस्टर आधारित खेती और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा मिला है।

इस पहल की खास बात यह है कि नर्सरी का संचालन महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। इससे महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार, नियमित आय और उद्यमिता का अवसर मिला है। वे पौध उत्पादन, देखरेख, विपणन और प्रबंधन का सफल संचालन कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

वर्तमान चरण में नर्सरी इकाई द्वारा 38,100 गुणवत्तापूर्ण पौधों का उत्पादन एवं वितरण किया गया है, जिससे 1,15,150 रुपये की आय अर्जित हुई। यह उपलब्धि महिला स्व-सहायता समूहों, ग्राम संगठन, उत्पादक समूहों और आईएफसी टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

इस पहल से किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे समय पर उपलब्ध होने के साथ-साथ जैविक खेती, पोषण वाटिका, फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक खेती को भी बढ़ावा मिल रहा है। बेहतर गुणवत्ता के पौधों से उत्पादन और किसानों की आय में सकारात्मक वृद्धि देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *