PTV BHARAT 5 JULY 2026 रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया – राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ की विश्वविख्यात पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनका निधन केवल लोककला जगत ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय गायन शैली और असाधारण प्रतिभा से पंडवानी जैसी लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपना संपूर्ण जीवन लोककला की साधना को समर्पित किया और अपनी कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ का गौरव विश्वभर में बढ़ाया। उनका व्यक्तित्व और सांस्कृतिक योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार, उनके प्रशंसकों और समस्त लोककला जगत को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

