रायपुर : लोककला की अमर स्वर-सरिता को राजकीय सम्मानः पद्म विभूषण तीजन बाई को अश्रुपूरित विदाई

PTV BHARAT 5 JULY 2026 रायपुर : पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई – छत्तीसगढ़ की विश्वविख्यात पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई को उनके पैतृक गांव गनियारी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, साहित्यकारों और हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. तीजन बाई ने अपने प्रभावशाली गायन, अभिनय और प्रस्तुति शैली से पंडवानी लोककला को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने महाभारत की कथाओं को अपनी अनूठी शैली में प्रस्तुत कर भारतीय लोकसंस्कृति को दुनिया भर में नई पहचान दिलाई।

साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर विश्व मंच तक पहुंचने का उनका सफर संघर्ष, समर्पण और साधना का प्रेरक उदाहरण रहा। भारतीय लोककला में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया।

राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी राजकीय सम्मान की औपचारिकताओं के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उपस्थित जनसमूह ने उनकी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन को भारतीय लोककला के एक स्वर्णिम युग का अंत माना जा रहा है, जबकि उनकी कला और विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *