PTV BHARAT 5 JULY 2026 रायपुर : अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर सहकारिता के भविष्य पर हुआ मंथन – अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में सहकारिता क्षेत्र की चुनौतियों, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में सहकारिता की भूमिका पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता, मार्कफेड के प्राधिकृत अधिकारी शशिकांत द्विवेदी तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह ने किया। यह आयोजन प्रदेश में 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जा रहे सहकारी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किया गया।
विशेषज्ञों ने वनांचल क्षेत्रों में लघु वनोपज सहकारी समितियों, दुग्ध सहकारिता, महिला सशक्तिकरण, मत्स्य सहकारी समितियों तथा नाबार्ड, अपेक्स बैंक और जिला सहकारी बैंकों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण रोजगार सृजन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग, अपेक्स बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों, दुग्ध महासंघ, लघु वनोपज संघ, एनसीडीसी, सहकारी शक्कर कारखानों सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, पैक्स के सदस्य और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

