रायपुर : विद्यालयों में विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट के लिए मिशन मोड अभियान

PTV BHARAT 13 JULY 2026 रायपुर : विद्यालयों में विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट के लिए मिशन मोड अभियान – प्रदेश में विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए सूरजपुर जिले में मिशन मोड पर विशेष अभियान शुरू किया गया है। शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लंबित आधार बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) के लिए संकुलवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उनके आधार विवरण को अद्यतन कर शैक्षणिक अभिलेखों और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ा जा सके।

कलेक्टर कार्यालय के ई-गवर्नेंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (DEGS) द्वारा जिला शिक्षा विभाग के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सूरजपुर, भैयाथान, ओड़गी, प्रतापपुर, प्रेमनगर और रामानुजनगर विकासखंड की 22 चयनित शालाओं में आधार ऑपरेटर तैनात किए गए हैं। इन शिविरों में 5 से 15 वर्ष तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 3 हजार से अधिक विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक डेटा UIDAI में अपडेट करने के साथ उसकी प्रविष्टि यू-डाइस पोर्टल पर भी सुनिश्चित की जाएगी। सभी स्कूलों के प्राचार्यों और प्रधानपाठकों को विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अभिभावकों को समय पर शिविर की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अभियान की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों के आधार अपडेट के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का नया आधार पंजीयन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड के लिए आधार ई-केवाईसी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर कई सेवाओं का लाभ मिलेगा।

प्रथम चरण के बाद शेष विद्यालयों में भी दूसरे चरण के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। यह पहल विद्यार्थियों के डिजिटल रिकॉर्ड को अद्यतन करने और उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *