PTV BHARAT 13 JULY 2026 रायपुर : ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर कोलकाता-2026 में ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान से बढ़ी प्रदेश की प्रतिष्ठा – ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए “बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस” सम्मान प्राप्त किया। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित पर्यटन मेले में देश के 21 राज्यों की भागीदारी के बीच छत्तीसगढ़ के आकर्षक और रचनात्मक पवेलियन को यह सम्मान प्रदान किया गया।
10 से 12 जुलाई तक कोलकाता के विश्व बंगला प्रांगण में आयोजित इस मेले में छत्तीसगढ़ का पवेलियन पर्यटकों, टूर ऑपरेटर्स, पर्यटन विशेषज्ञों और निवेशकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। पवेलियन में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, धार्मिक एवं इको-टूरिज्म सहित राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों और पर्यटन परिपथों को आधुनिक शैली में प्रदर्शित किया गया।
आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन तथा प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसियों, होटल समूहों और निवेशकों के साथ कई बी-टू-बी बैठकों में भाग लिया। इन बैठकों में पर्यटन निवेश, संयुक्त पर्यटन पैकेज, विपणन सहयोग और नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
मेले में राज्य सहित अन्य क्षेत्रों के लगभग 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर्स, होटल और होम-स्टे संचालकों ने भी सहभागिता की, जिससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन उत्पादों को नए व्यावसायिक अवसर मिले।
उद्घाटन अवसर पर गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष तथा थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सुश्री सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन कर राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं की सराहना की।
पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। वहीं पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐसी सहभागिता से राज्य में पर्यटन निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने इस सम्मान को पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों में स्थापित करने के अभियान को नई गति मिलेगी।

