PTV BHARAT 13 JULY 2026 रायपुर : सुशासन सरकार की पहल सेवा सेतु बनी आमजन का सहारा – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, त्वरित और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल से आमजन को आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं राजस्व संबंधी दस्तावेज निर्धारित समय-सीमा में आसानी से मिल रहे हैं, जिससे अनावश्यक भागदौड़ और समय की बचत हो रही है।
कोरबा जिले के ग्राम आवरा कछार निवासी संतोष कुमार भी सेवा सेतु की इस व्यवस्था से लाभान्वित हुए हैं। उन्हें अपनी राजस्व संबंधी प्रक्रिया के लिए बी-1 एवं खसरा की आवश्यकता थी। पहले इन दस्तावेजों के लिए तहसील कार्यालय के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी।
संतोष कुमार ने बताया कि इस बार उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के बाद उनका प्रकरण शीघ्रता से निराकृत हुआ और निर्धारित समय के भीतर उन्हें बी-1 एवं खसरा उपलब्ध करा दिया गया। पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु ने शासकीय सेवाओं तक आम नागरिकों की पहुंच को और आसान बना दिया है। अब राजस्व संबंधी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे लोगों का समय और धन दोनों बच रहे हैं। यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर कार्य कर रही है।
संतोष कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी सोच और सुशासन आधारित पहल के कारण आज आम नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और सम्मानजनक सेवाएं मिल रही हैं। उनके अनुसार सेवा सेतु वास्तव में शासन और जनता के बीच विश्वास, सुविधा और सुगमता का सशक्त माध्यम बन गया है, जिससे हजारों नागरिक समय पर आवश्यक शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

