रायपुर : रायपुर विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने संभाला पदभार

PTV BHARAT 13 JULY 2026 रायपुर : रायपुर विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने संभाला पदभार – रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के नए उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि रायपुर के सुनियोजित और समग्र विकास में प्राधिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शर्मा के अनुभव, प्रशासनिक क्षमता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

समारोह में रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय तक किए गए कार्य और सामाजिक सरोकारों का लाभ प्राधिकरण को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहितकारी कार्यों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप रायपुर विकास प्राधिकरण की योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायपुर शहर के सुनियोजित विकास, आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाओं तथा हितग्राही सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश शरण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *