रायपुर : जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा : जशपुर में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता अभियान तेज

PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा : जशपुर में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता अभियान तेज – जशपुर जिले में स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, जनसंख्या स्थिरीकरण और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा।

इस वर्ष अभियान की थीम “जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखी गई है। अभियान का उद्देश्य दंपतियों को गर्भधारण के उचित समय, दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतराल रखने और परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूक करना है।

पखवाड़े के दौरान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सास-बहू सम्मेलन, परामर्श शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं।

सरकार द्वारा पुरुष नसबंदी कराने वाले हितग्राहियों को 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। 11 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय जशपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में प्रतिदिन पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने योग्य दंपतियों से परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल परिवार के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *