PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : नारायणपुर के आदिवासी अंचल के प्रतिभावान विद्यार्थियों का नई दिल्ली स्थित संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण – बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) छेरीबेड़ा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। राजस्थान के उदयपुर (खेरवाड़ा) में आयोजित आंचलिक स्तर की प्रतियोगिता में विद्यालय की 53 सदस्यीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। विद्यालय के 8 प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। अब उन्हें नई दिल्ली स्थित संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण करने और संसद की लाइव कार्यवाही देखने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में हर्षा ने स्पीकर की भूमिका में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मनसाय और अनुराधा द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि अंजीला, निकिता, वेदिका, जयबति और शामी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संसदीय बहसों का प्रभावशाली मंचन कर निर्णायकों की सराहना प्राप्त की।
विद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के प्राचार्य के नेतृत्व को दिया। इस सफलता पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

