रायपुर : संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल

PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल – सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन ने ई-गवर्नेंस की संवेदनशील पहल के तहत एक ऐसे बच्चे के घर पहुंचकर उसका आधार नामांकन कराया, जिसका पांच वर्ष की आयु पार करने के बावजूद विशेष पारिवारिक परिस्थितियों के कारण आधार कार्ड नहीं बन पाया था।

बच्चे की माता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं, जबकि पिता लंबे समय पहले परिवार को छोड़ चुके हैं। परिजनों ने कई आधार केंद्रों के चक्कर लगाए, लेकिन बच्चे को केंद्र तक ले जाना संभव नहीं हो सका। मामला प्रशासन के संज्ञान में आने पर कलेक्टर के निर्देश पर ई-जिला प्रबंधक (EDM) की टीम तुरंत सक्रिय हुई।

आधार ऑपरेटर आवश्यक बायोमेट्रिक उपकरणों के साथ सीधे बच्चे के घर पहुंचे और वहीं पूरी आधार नामांकन प्रक्रिया निःशुल्क पूरी की। इस पहल से अब बच्चे के लिए भविष्य में शैक्षणिक, सामाजिक और अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का रास्ता खुल गया है।

आवेदनकर्ता सुमत राम बंजारे और सुमित्रा कुमारी घृतलहरे ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब सभी प्रयास विफल हो गए थे, तब प्रशासन ने स्वयं आगे बढ़कर उनके बच्चे का आधार बनवाया। उन्होंने इसे केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि बच्चे के सुरक्षित भविष्य की पहचान बताया।

जिला प्रशासन ने कहा कि ई-गवर्नेंस का उद्देश्य केवल तकनीक का उपयोग नहीं, बल्कि सरकारी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *