PTV BHARAT 26 NOVEMBER 2026- धमतरी : कृषक उन्नति योजना से धान का उचित मूल्य मिलने पर किसानों के चेहरे पर आई खुशी, शासन की व्यवस्था के प्रति जताया आभार
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम किसानों के जीवन में दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में धमतरी जिले के पोटियाडीह धान उपार्जन केंद्र से जुड़े किसान दंपती चुम्मन लाल एवं वेदबाई मुजगन ने धान की बिक्री के माध्यम से बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त किया है।
दोनों किसानों ने अपनी उपज का कुल 26.90 क्विंटल गोल्डन धान राइस मिल में 3,050 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचा। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत मिलने वाली 659 रुपये प्रति क्विंटल की आदान सहायता राशि को जोड़ने पर उन्हें कुल 3,709 रुपये प्रति क्विंटल का आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ। चुम्मन लाल ने 20.90 क्विंटल और वेदबाई ने 6 क्विंटल धान बेचा है।
प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026-27 से पात्र किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता राशि सीधे उनके आधार लिंक्ड बैंक खाते में दी जा रही है। यदि किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, तब भी उन्हें सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता राशि दी जाती है।
दोनों किसानों ने बताया कि खेती-किसानी में लागत हमेशा एक महत्वपूर्ण विषय रही है। ऐसे में शासन द्वारा धान उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के साथ आदान सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था काफी लाभकारी सिद्ध हो रही है। धान विक्रय से प्राप्त राशि और आदान सहायता से खेती की आगामी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। इससे कृषि कार्यों के प्रति भरोसा और उत्साह भी बढ़ा है।
किसान हितैषी योजनाओं से मिल रहा आर्थिक संबल
चुम्मन लाल एवं वेदबाई मुजगन ने इस व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की किसान हितैषी नीतियों से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। आदान सहायता योजना के माध्यम से मिलने वाली अतिरिक्त राशि खेती की लागत की भरपाई करने और आगामी कृषि कार्यों की तैयारी में उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार की यह पहल सराहनीय है।
दोनों किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान हितों को प्राथमिकता देकर शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राज्य शासन को धन्यवाद देते हुए धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की।
किसानों का कहना है कि शासन की योजनाओं का लाभ मिलने से न केवल आर्थिक राहत मिलती है, बल्कि खेती को लेकर सकारात्मक सोच और भविष्य के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी तरह किसान हितैषी योजनाओं और सहयोगात्मक व्यवस्था से कृषि क्षेत्र निरंतर समृद्ध होगा तथा किसानों की आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ बनेगी।

