रायपुर : अब किसी का सहारा नहीं, अपने हौसलों के पहियों पर आगे बढ़ रहे बृहस्पति और विष्णु

PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल से बदली दिव्यांग हितग्राहियों की जिंदगी – समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित शिविर में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से बिलासपुर जिले के दिव्यांग हितग्राहियों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब वे अपने दैनिक कार्यों और व्यवसाय के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ रहे हैं।

मस्तूरी विकासखंड के जयरामनगर-खैर की बृहस्पति साहू, जो वर्षों से फल बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं, पहले दुकान तक फल पहुंचाने और बाजार से सामान लाने के लिए दूसरों पर निर्भर थीं। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने के बाद अब वे अपने सभी कार्य स्वयं कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए नई जिंदगी की तरह है और अब वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपना व्यवसाय चला पाएंगी।

इसी तरह कोटा विकासखंड के ग्राम बछलीखुर्द (रतनपुर) निवासी विष्णु सिंह राजपूत, जो जनरल स्टोर संचालित करते हैं, पहले दुकान के लिए सामान लाने में कठिनाई का सामना करते थे। ट्राईसाइकिल मिलने के बाद अब वे स्वयं बाजार जाकर आवश्यक सामग्री खरीद सकेंगे और अपने व्यवसाय का संचालन अधिक सुगमता से कर पाएंगे।

समाज कल्याण विभाग की इस पहल से दिव्यांग हितग्राहियों को केवल आवागमन की सुविधा ही नहीं मिली है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता, सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का नया अवसर भी प्राप्त हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *