PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : सारंगढ़ में वीबी-जीरामजी के तहत 30 हजार सीड बॉल का वितरण – विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जीरामजी) के अंतर्गत सारंगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 30 हजार सीड बॉल का वितरण किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्लस्टर के सरपंचों, अधिकारियों तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं की उपस्थिति में क्लस्टर की ग्राम पंचायतों को सीड बॉल वितरित किए गए। इस दौरान सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर बीज रोपण उत्सव मनाया और पौधारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
निर्देश दिए गए कि इन सीड बॉल का उपयोग वीबी-जीरामजी के अंतर्गत निर्मित तालाबों, डबरियों की मेड़ों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर किया जाएगा, जिससे वर्षा ऋतु में हरित आवरण बढ़े, जल संरक्षण को मजबूती मिले और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो सके।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को वीबी-जीरामजी योजना के उद्देश्यों, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी से अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

