PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : आधुनिक बकरी एवं मुर्गी पालन से सशक्त होगी ग्रामीण आजीविका – रायगढ़ जिले की 8 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए वीबी-जीराम जी योजना के तहत लगभग 3 लाख रुपये प्रति इकाई की लागत से आधुनिक बकरी पालन शेड स्वीकृत किए गए हैं।
इन शेडों का निर्माण ऊंचे एवं सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा, जहां पर्याप्त वेंटिलेशन, स्वच्छता और पशुओं के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था होगी। इससे बकरियों को मौसम और बीमारियों से बेहतर सुरक्षा मिलेगी तथा उनकी उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि होगी।
इस मॉडल की खास बात यह है कि बकरी पालन के साथ-साथ शेड के नीचे देशी मुर्गी पालन भी किया जाएगा। इससे हितग्राहियों को एक ही परिसर में बकरी और मुर्गी पालन का लाभ मिलेगा तथा दूध, खाद, अंडों और मुर्गी उत्पादन से अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ेंगे।
योजना के तहत हरे चारे की उपलब्धता, पूरक आहार, नियमित टीकाकरण और पशु स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे पशुओं की मृत्यु दर कम होगी और उत्पादन में सुधार होगा।
मनरेगा के माध्यम से तैयार की जा रही यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण, स्थानीय रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

