PTV BHARAT 15 JULY 2026 बेमेतरा : सेवा सेतु पोर्टल से मिला विवाह प्रमाण पत्र, अब शासकीय योजनाओं का लाभ लेना हुआ आसान – डिजिटल सुशासन की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण पहल सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इस पोर्टल के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाएं अब घर बैठे सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण विकासखंड साजा की ग्राम पंचायत खुरुसबोड-आर में देखने को मिला।
ग्राम पंचायत खुरुसबोड-आर निवासी श्रीमती हेमिन, पिता संजय यादव एवं नीरज कुमार यादव ने अपने विवाह प्रमाण पत्र के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका विवाह प्रमाण पत्र सफलतापूर्वक जारी कर दिया गया।
विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद अब दंपति के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रियाओं का लाभ लेना काफी आसान हो गया है। इस प्रमाण पत्र का उपयोग महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, श्रम कार्ड, बैंकिंग सेवाओं, बीमा, पासपोर्ट, संयुक्त बैंक खाता, नामांकन सहित अन्य शासकीय एवं कानूनी कार्यों में किया जा सकेगा। साथ ही भविष्य में किसी भी वैधानिक अथवा प्रशासनिक प्रक्रिया के दौरान यह उनके वैवाहिक संबंध का आधिकारिक प्रमाण भी रहेगा।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरी हुई। इससे आवेदकों का समय और अनावश्यक खर्च दोनों बचे तथा उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। यह व्यवस्था नागरिकों को डिजिटल माध्यम से बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हो रही है।
हितग्राही की जुबानी
श्रीमती हेमिन ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा- “मोर बेटी ल महतारी वंदन योजना के लाभ दिलाय बर, राशन कार्ड, श्रम कार्ड मं नाम जुड़वाय बर अउ आधार कार्ड म पति के नाम जुड़वाय बर विवाह प्रमाण पत्र के जरूरत रहिस। सेवा सेतु पोर्टल के मदद ले जनपद पंचायत साजा के ग्राम पंचायत खुरुसबोड-आर म मोर आवेदन झटपट पूरा होगे अउ मोला समय मं विवाह प्रमाण पत्र मिलगे। एखर सेती मोर सबो जरूरी काम बिना किसी परेशानी के पूरा होवत हे। मैं छत्तीसगढ़ सरकार अउ जिला प्रशासन के प्रति हृदय से धन्यवाद व्यक्त करत हवंव।”
सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों तक शासन की सेवाओं को सरल, सुगम, पारदर्शी एवं डिजिटल माध्यम से पहुँचाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। यह व्यवस्था न केवल सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ा रही है, बल्कि आम नागरिकों के समय, श्रम और धन की भी बचत सुनिश्चित कर रही है।

