रायपुर : केंद्रीय टीम ने वीबी जी राम जी के कार्यों का कबीरधाम में किया निरीक्षण

PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : केंद्रीय टीम ने वीबी जी राम जी के कार्यों का कबीरधाम में किया निरीक्षण – ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव (वित्त) पी.के. शर्मा तथा अवर सचिव राहुल कुमार श्रीवास्तव ने विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय प्रवास पर कबीरधाम जिले में मंगलवार को निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों की प्रगति एवं अन्य आवश्यक तैयारियों से केंद्रीय टीम को अवगत कराया।

योजना के क्रियान्वयन पर की विस्तृत चर्चा

केंद्रीय टीम ने योजना से जुड़े सभी मैदानी कर्मचारियों की बैठक लेकर योजना के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। गांव की आवश्यकता के अनुसार निर्माण कार्यों की पहचान में ग्रामीणों की भूमिका, कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया, युक्त धारा पोर्टल में कार्यों की एंट्री, काम की मांग, एनएमएमएस के माध्यम से ऑनलाइन हाजिरी, समय-सीमा में मजदूरी भुगतान तथा 125 दिनों के रोजगार के लिए नए कार्यों की स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी ली गई।

ग्रामीणों को रोजगार देने में कबीरधाम जिला प्रदेश में अग्रणी

सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों में पर्याप्त कार्य स्वीकृत कर रोजगार की मांग के अनुसार निर्माण कार्य शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में कबीरधाम जिला पूर्व की भांति प्रदेश में लगातार अग्रणी बना हुआ है, जिस पर केंद्रीय टीम ने प्रसन्नता व्यक्त की।

रेंगाखारखुर्द, चिखली और पोड़ी में विकास कार्यों का निरीक्षण

प्रवास के दौरान केंद्रीय टीम ने ग्राम पंचायत रेंगाखारखुर्द में आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। कार्य की गुणवत्ता, मजदूरी भुगतान, मानव दिवस एवं ग्रामीणों को हो रहे लाभ की जानकारी ली गई। ग्राम पंचायत चिखली में तालाब में संचालित मत्स्य पालन गतिविधियों का अवलोकन कर हितग्राही से लाभ की जानकारी प्राप्त की गई। ग्राम पंचायत पोड़ी में सामुदायिक बोरवेल रिचार्ज पिट का निरीक्षण किया गया। वहीं, हितग्राही रामभजन के लिए निर्मित निजी आजीविका डबरी का भी निरीक्षण किया गया। हितग्राही ने बताया कि डबरी निर्माण से सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ है तथा मत्स्य पालन से आजीविका का नया साधन मिला है।

राजानवागांव में मजदूरों और स्व-सहायता समूह की दीदियों से चर्चा

जनपद पंचायत बोड़ला के ग्राम पंचायत राजानवागांव में केंद्रीय टीम ने मजदूरों और स्व-सहायता समूह की दीदियों से चर्चा की। अधिकारियों ने योजना के उद्देश्य, ग्राम विकास में भूमिका, आजीविका संवर्धन, रोजगार के अवसर, सामुदायिक सहभागिता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल संवर्धन, कृषि एवं अन्य विकासात्मक गतिविधियों पर विस्तृत जानकारी दी। बैठक में ग्रामीणों से सुझाव एवं समस्याएं भी सुनी गईं और उनके सभी प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया गया।

नेउरगांव खुर्द में किया पौधारोपण

केंद्रीय टीम ने ग्राम पंचायत नेउरगांवखुर्द में विकसित भारत जी राम जी उद्यान का निरीक्षण किया, जहां 500 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया है। पौधों के रखरखाव की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान टीम ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत बोड़ला के सीईओ, सहायक परियोजना अधिकारी वीबी जी राम जी, तकनीकी समन्वयक, कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, स्व-सहायता समूह की दीदियां, मैदानी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *