रायपुर : साही के अवैध शिकार पर वन विभाग का बड़ा एक्शन

PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : साही के अवैध शिकार पर वन विभाग का बड़ा एक्शन – छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर राज्य सरकार की मुस्तैदी का बड़ा असर देखने को मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप वन्यजीव संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वन विभाग ने साही (इंडियन पॉर्कुपाइन) के अवैध शिकार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

आरक्षित वन में हुआ था शिकार, आपस में बांटा मांस

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी मयंक पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं उप वनमंडलाधिकारी गोविंद सिंह के नेतृत्व में वन परिक्षेत्र बागबाहरा की टीम ने की। वन विभाग को रैताल बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-154 में साही के अवैध शिकार की सूचना मिली थी। वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा के नेतृत्व में टीम ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान ग्राम नवाडीह (खम्हरिया) के पांच ग्रामीणों की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शिकार के बाद उन्होंने साही का मांस आपस में बांट लिया था।

कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज

वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22666/05 (दिनांक 13 जुलाई 2026) दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 2(16), 9, 39, 50 एवं 51 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों गिरधारी गोंड, लोकनाथ गोंड, नागेश्वर गोंड, सियाराम राजपूत और नरसिंह कुमार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा, वनरक्षक श्रीमती डीलेश्वरी कंवर, नीलकंठ दीवान, वीरेंद्र दीवान सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय वन प्रबंधन समिति नवाडीह (खम्हरिया) के सदस्यों ने भी विभाग को सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

वन विभाग की अपील

वन विभाग ने नागरिकों से वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि यदि कहीं भी अवैध शिकार या वन्यजीव तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सघन गश्त और कड़ी निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *