PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : हर घर तक पहुंचा स्वच्छ जल, बदली ग्राम राहुद की तस्वीर – विकासखंड खैरागढ़ का ग्राम राहुद, जो कभी पेयजल संकट से जूझता था, आज जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचने से नई पहचान बना रहा है। घर-घर नल कनेक्शन मिलने से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। महिलाओं और बच्चों को पानी लाने की जिम्मेदारी से राहत मिली है, जिससे वे अपना समय शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक कार्यों में लगा पा रहे हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में 60 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय जल टंकी का निर्माण कराया है। साथ ही सुदृढ़ पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए लगभग 300 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। अब सभी परिवारों को नियमित रूप से घर पर ही स्वच्छ पेयजल मिल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पहले पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था, खासकर गर्मी के मौसम में स्थिति काफी कठिन हो जाती थी। अब नल से जल मिलने के बाद यह समस्या लगभग समाप्त हो गई है।
जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीणों में जल संरक्षण और जल स्रोतों की सुरक्षा के प्रति भी जागरूकता बढ़ी है। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की भागीदारी से जल आपूर्ति व्यवस्था का संचालन और रखरखाव बेहतर तरीके से किया जा रहा है।
स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से दूषित पानी से होने वाली बीमारियों का खतरा कम हुआ है और गांव में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ग्रामीणों से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है, ताकि भविष्य में भी सभी को सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होता रहे।

