PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : नैनो उर्वरकों से कम लागत में अधिक उत्पादन की ओर किसान – कोरबा जिले के ग्राम अमगांव के किसान अमर सिंह कंवर नैनो उर्वरकों के उपयोग से कम लागत में अधिक उत्पादन हासिल कर रहे हैं। लगभग दो एकड़ में धान की खेती करने वाले अमर सिंह ने पिछले वर्ष पहली बार नैनो उर्वरकों का प्रयोग किया था। बेहतर परिणाम मिलने के बाद उन्होंने इस वर्ष भी इसका उपयोग जारी रखा और सहकारी समिति कनबेरी से समय पर आवश्यक कृषि सामग्री प्राप्त की।
अमर सिंह कंवर के अनुसार नैनो उर्वरकों के इस्तेमाल से खेती की लागत घटी है, पैदावार बढ़ी है और उर्वरकों की बर्बादी भी कम हुई है। उन्होंने बताया कि यह तकनीक पर्यावरण के अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के साथ कृषि को अधिक प्रभावी और लाभकारी बना रही है।
उन्होंने सहकारी समितियों में खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री की समय पर उपलब्धता की भी सराहना की। उनका कहना है कि पर्याप्त भंडारण होने से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने में आसानी मिलती है।
राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और समय पर कृषि आदान सामग्री की उपलब्धता से जिले के किसान नई तकनीकों को तेजी से अपना रहे हैं। नैनो उर्वरकों का बढ़ता उपयोग उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ संतुलित पोषण, कम लागत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

