रायपुर : नक्सल मुक्त बस्तर से अब ‘योग युक्त बस्तर’ की ओर बढ़ेगा अभियान

PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : नक्सल मुक्त बस्तर से अब ‘योग युक्त बस्तर’ की ओर बढ़ेगा अभियान – बस्तर में शांति और विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से अब ‘योग युक्त बस्तर’ अभियान शुरू किया जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सरकार की पुनर्वास और विकास योजनाओं के बाद अब योग के माध्यम से युवाओं और ग्रामीणों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बीजापुर दौरे के दौरान आश्रमों और छात्रावासों में कार्यरत योग प्रशिक्षकों की समीक्षा बैठक लेकर योग गतिविधियों के विस्तार की रणनीति पर चर्चा की।

‘योग युक्त बस्तर’ पर रहेगा विशेष फोकस

सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में संजय अग्रवाल ने कहा कि अब बस्तर को “नक्सल मुक्त” के साथ-साथ “योग युक्त बस्तर” बनाने का लक्ष्य है। योग आयोग का उद्देश्य योग को जनआंदोलन बनाकर समाज के हर वर्ग तक इसके लाभ पहुंचाना है।

हर आयु वर्ग को मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के माध्यम से बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को नियमित योगाभ्यास कराया जाएगा। योग को स्वस्थ और निरोग जीवन का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि यह गर्भवती महिलाओं के लिए भी लाभकारी है और सामान्य प्रसव में सहायक हो सकता है।

विद्यालयों और गांवों तक पहुंचेगा योग

नए शिक्षा सत्र से विद्यालयों में योग गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता और स्वस्थ जीवनशैली विकसित हो सके। ग्रामीण क्षेत्रों में योग वाटिकाओं का निर्माण कर लोगों को नियमित योग के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बस्तर में चलेगा जनजागरूकता अभियान

योग आयोग बस्तर संभाग में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगा, ताकि योग को लोगों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सके और स्वस्थ, सकारात्मक एवं निरोग समाज का निर्माण हो सके।

इस अवसर पर पतंजलि योग समिति, आयुष विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *