रायपुर : सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी आमजन की भरोसेमंद साथी

PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी आमजन की भरोसेमंद साथी – छत्तीसगढ़ सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनती जा रही है। हेल्पलाइन के जरिए शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे लोगों का शासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

चार माह से लंबित मजदूरी का 24 घंटे में भुगतान

बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम बेलौदी निवासी श्रमिक छत्रपाल साहू, जो स्वास्थ्य केंद्र में भृत्य के रूप में कार्यरत हैं, को चार महीने से मजदूरी का भुगतान नहीं मिला था। लगातार प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

सोशल मीडिया से मिली जानकारी, तुरंत दर्ज की शिकायत

इंस्टाग्राम के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिलने पर छत्रपाल साहू ने हेल्पलाइन पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

24 घंटे में खाते में पहुंची मजदूरी

विभागीय कार्रवाई के बाद शिकायत दर्ज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर चार माह की लंबित मजदूरी की पूरी राशि छत्रपाल साहू के बैंक खाते में जमा कर दी गई। समय पर भुगतान मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिली और शासन की त्वरित कार्यप्रणाली पर उनका भरोसा और मजबूत हुआ।

छत्रपाल साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी और भरोसेमंद व्यवस्था है, जहां घर बैठे समस्याओं का शीघ्र समाधान मिल रहा है।

उन्होंने अन्य नागरिकों से भी अपील की कि यदि वे किसी शासकीय समस्या का सामना कर रहे हैं, तो बिना संकोच सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कर उसका लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *