रायपुर : सुकमा के छात्र नीट और आईआईटी में बना रहे पहचान, शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदल रही जिले की तस्वीर

PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : सुकमा के छात्र नीट और आईआईटी में बना रहे पहचान, शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदल रही जिले की तस्वीर – सुकमा जिले में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत उत्साह के साथ हुई। शबरी ऑडिटोरियम में आयोजित जिलास्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशित बच्चों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

सुकमा के विद्यार्थी बना रहे नई पहचान

कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने की। उन्होंने कहा कि सुकमा तेजी से बदल रहा है और शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिली सौगात

कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की 30 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। वहीं प्राथमिक कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और स्टेशनरी सामग्री भी प्रदान की गई। इस अवसर पर ‘कबाड़ से जुगाड़’ विषय पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।

नीट और आईआईटी तक पहुंच रहे सुकमा के छात्र

कलेक्टर अमित कुमार ने बताया कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी अब अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर NEET और IIT जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं। जिला प्रशासन विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग, आधुनिक पुस्तकालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि रूप सिंह मंडावी का सम्मान किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी ने जिले में शिक्षा से जुड़ी सभी शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *