रायपुर : विशेष लेख : विश्व युवा कौशल विकास दिवस : कौशल से सशक्त युवा, विकसित छत्तीसगढ़ की ओर मजबूत कदम

PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : विशेष लेख : विश्व युवा कौशल विकास दिवस : कौशल से सशक्त युवा, विकसित छत्तीसगढ़ की ओर मजबूत कदम – विश्व युवा कौशल विकास दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया है। राज्य में आधुनिक तकनीकों और उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रमों का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

लगभग पांच लाख युवाओं को मिला प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत अब तक 4 लाख 94 हजार 330 युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें से 2 लाख 74 हजार 934 युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। वर्तमान में राज्यभर के 375 प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से राष्ट्रीय कौशल अर्हता फ्रेमवर्क (NSQF) के अनुरूप प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 9,418 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से 7,528 युवाओं को रोजगार मिल चुका है, जबकि 6,679 युवा अभी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

आधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रशिक्षण

योजना के तहत पारंपरिक ट्रेडों के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मेंटेनेंस, ड्रोन ऑपरेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा और सूर्यमित्र जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष वॉटर डिस्ट्रीब्यूशन ऑपरेटर कोर्स भी शुरू किया गया है, जिसके तहत 2,770 युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना है।

गुणवत्ता और रोजगार पर विशेष फोकस

प्रशिक्षकों के लिए ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (TOT) प्रमाणन अनिवार्य किया गया है। प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी के लिए कम से कम 7 दिन की ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) भी जरूरी की गई है। प्रशिक्षण केंद्रों में फेस आधारित ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

योजना की खास बात यह है कि प्रशिक्षण के बाद युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता दी जाती है। प्रशिक्षण संस्थानों को भुगतान का बड़ा हिस्सा तभी मिलता है, जब प्रशिक्षित युवाओं का रोजगार सुनिश्चित हो जाता है।

बस्तर और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचा कौशल विकास

बस्तर संभाग के प्रत्येक विकासखंड में स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। बीजापुर में असिस्टेंट मेसन कोर्स शुरू हो चुका है और बस्तर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, कांकेर तथा बीजापुर के पुनर्वास केंद्रों को भी कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा गया है।

उद्योगों के साथ साझेदारी

राज्य सरकार ने महिंद्रा एंड महिंद्रा, साइरोनिक्स टेक्नोलॉजी, नांदी फाउंडेशन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से ट्रैक्टर मैकेनिक, इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी, हॉस्पिटैलिटी, हेल्थकेयर और अन्य क्षेत्रों में रोजगारपरक प्रशिक्षण शुरू किए हैं।

लाईवलीहुड कॉलेज बने कौशल विकास का केंद्र

प्रदेश के लाईवलीहुड कॉलेजों में वर्ष 2013 से अब तक 68 हजार 552 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से 39 हजार 452 युवा रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ चुके हैं। वहीं पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत भी 13 हजार 188 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है।

नवा रायपुर में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

युवाओं को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से नवा रायपुर में आधुनिक लाईवलीहुड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी पहचान

वर्ष 2025-26 की इंडिया स्किल प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ के 3,327 युवाओं ने भाग लिया। ईस्ट जोन प्रतियोगिता में राज्य के प्रतिभागियों ने 1 स्वर्ण, 2 रजत, 5 कांस्य और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस सहित कुल 12 पदक जीते। उत्कृष्ट प्रदर्शन और सफल आयोजन के लिए भारत सरकार ने छत्तीसगढ़ को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *