PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : जल जीवन मिशन से सरगुजा के ग्राम बरडीह में बदली ग्रामीणों की जिंदगी – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत बरडीह में पेयजल व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। अब गांव के सभी 431 परिवारों को घर-घर नल के माध्यम से नियमित रूप से शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
पहले अंबिकापुर से लगभग 37 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। स्वच्छ पेयजल की कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बनी रहती थीं। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक घर को नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया, जिससे अब ग्रामीणों को घर पर ही स्वच्छ पेयजल मिल रहा है।
ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती रजमेन सिंह ने बताया कि घर-घर नल कनेक्शन मिलने से गांव की सबसे बड़ी समस्या का समाधान हुआ है। विशेष रूप से महिलाओं को राहत मिली है और अब वे अपने समय का उपयोग परिवार, बच्चों की शिक्षा तथा अन्य उपयोगी कार्यों में कर पा रही हैं।
शुद्ध पेयजल की नियमित उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आई है और स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल के उपयोग और स्वच्छता संबंधी जानकारी भी नियमित रूप से दी जा रही है।
ग्राम बरडीह के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन को जीवन बदलने वाली योजना बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से गांव में बेहतर स्वास्थ्य, सुविधा और खुशहाली का माहौल बना है।

