PTV BHARAT 15 JULY 2026 रायपुर : सुरक्षित बचपन, सशक्त भविष्य के लिए छत्तीसगढ़ में जागरूकता अभियान तेज – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बच्चों के सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त बचपन के लिए प्रदेशभर में जागरूकता अभियान चला रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से विभिन्न जिलों में बाल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बलरामपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोधा और शासकीय उच्चतर कन्या विद्यालय कछिया में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बच्चों को बताया कि सुरक्षित बचपन उनका अधिकार है। किसी भी प्रकार की असहज या शोषण की स्थिति में बिना डर अपने माता-पिता, शिक्षकों या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से संपर्क करने की सलाह दी गई। साथ ही बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और समय पर शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों के कानूनी और सामाजिक परिणामों की भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन कौशल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया गया।
राज्य सरकार का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा विद्यालयों और समुदायों में सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण तैयार करना है। ऐसे अभियान सुरक्षित बचपन और सशक्त भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

