PTV BHARAT 16 JULY 2026 मोहला : हरा सोना ने बदली जिंदगी, ग्रामीणों के लिए बना आर्थिक संबल – मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में तेंदूपत्ता, जिसे ‘हरा सोना’ कहा जाता है, हजारों आदिवासी और ग्रामीण परिवारों की आजीविका का मजबूत आधार बन गया है। हर वर्ष गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, तेंदूपत्ता संग्रहण में भाग लेकर अतिरिक्त आय अर्जित करती हैं। इस आय का उपयोग परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा और खेती-किसानी जैसे कार्यों में किया जा रहा है।
वर्ष 2026 में जिले की 39 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत 40 लॉट और 502 फड़ों के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्रहण किया गया। मई माह में 37,131 संग्राहक परिवारों ने कुल 55,741.7 मानक बोरा तेंदूपत्ता एकत्रित किया, जिसके बदले उन्हें 30 करोड़ 65 लाख 79 हजार 350 रुपये का भुगतान किया गया। इसके अलावा, फरवरी-मार्च 2026 में तेंदूपत्ता बूटा कटाई के लिए 40 लाख 51 हजार 154 रुपये की राशि भी वितरित की गई।
जिले का तेंदूपत्ता अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण प्रदेश और देश में विशेष पहचान रखता है। यही कारण है कि यहां के तेंदूपत्ता लॉट हर वर्ष ऊंची कीमत पर खरीदे जाते हैं। वर्ष 2023 के तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जिले की 36 समितियों के 33,363 संग्राहक परिवारों को 11 करोड़ 97 लाख 98 हजार 934 रुपये बोनस के रूप में दिए जाने की प्रक्रिया जारी है।
भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई है। डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से राशि सीधे संग्राहकों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदूपत्ता संग्रहण से मिलने वाली आय उनके परिवारों के लिए बड़ा आर्थिक सहारा बनी है और इससे महिलाएं भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

