एमसीबी : कच्चे घर से पक्के आशियाने तक: प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली रामसाय बैगा की जिंदगी

PTV BHARAT 16 JULY 2026 एमसीबी : कच्चे घर से पक्के आशियाने तक, प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली रामसाय बैगा की जिंदगी – एमसीबी जिले के ग्राम पंचायत देवगढ़ के वार्ड क्रमांक-1 सालारपारा निवासी रामसाय बैगा का जीवन प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम जनमन) के तहत मिले पक्के घर से पूरी तरह बदल गया है। कभी कच्चे मकान, टपकती छत और असुरक्षित परिस्थितियों में रहने वाला परिवार अब अपने सुरक्षित और पक्के आशियाने में सम्मानपूर्वक जीवन बिता रहा है।

जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग के तहत पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ तेजी से पहुँचाया जा रहा है। जनपद पंचायत भरतपुर द्वारा नियमित शिविर और विशेष अभियान चलाकर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने और समय पर आवास निर्माण सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इन्हीं प्रयासों के तहत आर्थिक रूप से कमजोर बैगा परिवार से आने वाले रामसाय बैगा को पीएम जनमन योजना के अंतर्गत आवास की स्वीकृति मिली। राशि मिलने के बाद उन्होंने मात्र 6 से 7 महीनों में अपना पक्का घर तैयार कर लिया।

रामसाय बैगा बताते हैं कि पहले बारिश के मौसम में कच्ची दीवारों और टपकती छत के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पक्का घर बनने से हर मौसम में सुरक्षा और सुविधा मिली है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हुआ है और पूरे परिवार का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

रामसाय बैगा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन की सबसे बड़ी चिंता दूर कर दी है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन जी रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *