PTV BHARAT 16 JULY 2026 एमसीबी : बिहान योजना बनी रीता मिंज की नई उड़ान, ‘मिंज बस ट्रांसपोर्ट’ से आत्मनिर्भरता की लिखी मिसाल – मनेंद्रगढ़ विकासखंड के ग्राम चनवारीडांड की रहने वाली रीता मिंज ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की मदद से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है। कभी आर्थिक तंगी से जूझने वाली रीता आज अपने ‘मिंज बस ट्रांसपोर्ट’ व्यवसाय के माध्यम से न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।
रीता मिंज वसुंधरा महिला स्व-सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। वर्ष 2017 में गठित इस समूह की 10 महिलाओं को बिहान मिशन के तहत प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शन मिला, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
रीता बताती हैं कि पहले परिवार की सीमित आय के कारण भविष्य को लेकर चिंता बनी रहती थी। बिहान योजना से जुड़ने के बाद प्रशिक्षण और वित्तीय साक्षरता ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का आत्मविश्वास दिया।
बिहान योजना के तहत समूह को पहले 15 हजार रुपये का रिवॉल्विंग फंड, फिर 60 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (CIF) और 3 लाख रुपये का बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। इन सहायता राशियों और स्वयं के निवेश से उन्होंने लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये की प्रारंभिक पूंजी के साथ ‘मिंज बस ट्रांसपोर्ट’ की शुरुआत की।
आज उनका परिवहन व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और उन्हें प्रतिमाह लगभग 80 हजार रुपये की आय हो रही है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और अब उन्हें किसी साहूकार या निजी ऋणदाता पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
रीता मिंज की सफलता से प्रेरित होकर क्षेत्र की अनेक महिलाएं भी स्व-सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। वे स्वयं भी समय-समय पर समूह की बैठकों में महिलाओं को बचत, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करती हैं।
रीता मिंज का कहना है कि बिहान योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास भी दिया। आज वे सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय संचालित कर रही हैं और अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
रीता मिंज की यह सफलता ग्रामीण महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का प्रेरक उदाहरण बनकर पूरे मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले सहित प्रदेश की महिलाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आई है।

