नारायणपुर : विशेष लेख : महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल

PTV BHARAT 16 JULY 2026 नारायणपुर : विशेष लेख : महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल – छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में स्थापित हो रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने, परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहभागी बनने और समाज में सम्मानजनक भूमिका निभाने का अवसर भी प्रदान कर रही है। नारायणपुर जिले में इस योजना का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जहां हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है। पारदर्शी व्यवस्था के कारण सहायता राशि बिना किसी बिचौलिये के सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रही है। इससे महिलाओं का बैंकिंग प्रणाली से जुड़ाव भी बढ़ा है और उनमें वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित हुई है।

नारायणपुर जिले में महतारी वंदन योजना का लाभ लगातार बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा है। मार्च 2024 में जिले की 27,616 हितग्राहियों को 2 करोड़ 54 लाख 57 हजार 450 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई थी। इसके बाद योजना का दायरा और प्रभाव लगातार बढ़ता गया। सितंबर 2024 तक कुल भुगतान 17 करोड़ 69 लाख 12 हजार 650 रुपये तक पहुंच गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि योजना महिलाओं के आर्थिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

वर्ष 2025 में भी योजना का लाभ निरंतर जारी रहा। मार्च 2025 तक जिले की 27,219 महिलाओं को कुल 32 करोड़ 62 लाख 48 हजार 350 रुपये की राशि प्रदान की गई। वहीं सितंबर 2025 तक 27,051 हितग्राहियों के खातों में कुल 47 करोड़ 37 लाख 61 हजार 550 रुपये जमा किए गए। इससे महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिलता रहा और वे घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ परिवार के विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभाने लगीं।

वर्ष 2026 में भी योजना का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। मार्च 2026 तक जिले की 27,241 महिलाओं को कुल 62 करोड़ 39 लाख 37 हजार 250 रुपये का भुगतान किया गया। वहीं जून 2026 तक 27,171 हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 69 करोड़ 93 लाख 97 हजार 100 रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि योजना जिले में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन चुकी है।

योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता का उपयोग महिलाएं दैनिक जरूरतों की पूर्ति, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य संबंधी खर्चों तथा परिवार की अन्य आवश्यकताओं में कर रही हैं। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और महिलाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ा है। आर्थिक रूप से सशक्त होने के कारण वे अब घरेलू निर्णयों में अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जिससे परिवार और समाज दोनों स्तरों पर उनकी भागीदारी बढ़ी है।

राज्य सरकार का उद्देश्य महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके सम्मान, मातृत्व की गरिमा, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को भी सुदृढ़ करना है। पारदर्शी DBT प्रणाली के जरिए सहायता राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण सुनिश्चित हो रहा है। नारायणपुर जिले के आंकड़े इस बात के प्रमाण हैं कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली एक प्रभावी और जनहितकारी पहल बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *