गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : सुशासन तिहार-2026 : किसान की मांग का हुआ त्वरित निराकरण, अनुदान पर मिली रोपा लगाने की मशीन

PTV BHARAT 16 JULY 2026 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : सुशासन तिहार-2026 में किसान की मांग का त्वरित निराकरण, अनुदान पर मिली रोपा लगाने की मशीन – सुशासन तिहार-2026 के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में मरवाही विकासखंड के ग्राम उषाड़ निवासी किसान विनय अभिषेक सिंह को कृषि विभाग द्वारा अनुदान पर धान की रोपाई के लिए आधुनिक मशीन उपलब्ध कराई गई।

किसान विनय अभिषेक सिंह ने सुशासन तिहार के जिला स्तरीय समाधान शिविर में धान की रोपाई को आसान, तेज और कम लागत वाला बनाने के उद्देश्य से रोपा लगाने की मशीन उपलब्ध कराने के लिए आवेदन किया था।

आवेदन प्राप्त होने के बाद कृषि विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए सीएचएएमपीएस प्रणाली के माध्यम से किसान का पंजीयन किया और पात्रता के अनुसार अनुदान स्वीकृत कर उन्हें रोपा लगाने की मशीन उपलब्ध कराई।

किसान ने बताया कि आधुनिक कृषि यंत्र मिलने से अब धान की रोपाई कम समय में और बेहतर गुणवत्ता के साथ हो सकेगी। इससे श्रम लागत में कमी आएगी, समय की बचत होगी और खेती अधिक वैज्ञानिक एवं लाभकारी बनेगी। उनका कहना है कि समय पर रोपाई होने से उत्पादन बढ़ने और आय में वृद्धि की भी संभावना है।

उप संचालक कृषि सत्यजीत कंवर ने बताया कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और यंत्रीकरण से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *