PTV BHARAT 16 JULY 2026 अम्बिकापुर : खाद वितरण व्यवस्था से किसानों को मिली बड़ी राहत, नैनो डीएपी अपनाने से बढ़ेगा उत्पादन – सरगुजा जिले के ग्राम बाकीपुर के प्रगतिशील किसान रवींद्र प्रताप सिंह ने राज्य शासन की खाद वितरण व्यवस्था में किए गए सुधारों और नैनो उर्वरकों के उपयोग को किसानों के लिए लाभकारी बताया है। उनका कहना है कि समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरकों की उपलब्धता से खेती का कार्य पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो गया है।
रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि समिति से उन्हें आसानी से डीएपी और यूरिया उपलब्ध हो गया। उन्होंने कहा कि खाद वितरण के लिए लागू की गई टोकन व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराना था। बाद में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें सुधार किए गए, जिससे अब बिना किसी परेशानी के आसानी से खाद मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित कर रहा है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि नैनो उर्वरक पौधों तक तेजी से पोषक तत्व पहुंचाते हैं, जिससे फसलों की वृद्धि बेहतर होती है और उत्पादन में भी सकारात्मक परिणाम मिलते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि नैनो डीएपी का भंडारण और परिवहन पारंपरिक उर्वरकों की तुलना में अधिक आसान है। इससे किसानों का समय, श्रम और परिवहन लागत कम होती है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ नैनो उर्वरकों को भी अपनाने की अपील की।
रवींद्र प्रताप सिंह लगभग 40 से 50 एकड़ भूमि में खेती करते हैं, जिसमें 20 से 25 एकड़ में धान तथा शेष क्षेत्र में दलहन और तिलहन की खेती की जाती है। उनका कहना है कि समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिली है और खेती बेहतर तरीके से संचालित हो रही है।
उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए खाद वितरण प्रणाली में किए गए सुधारों और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के प्रयासों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन भी किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और नैनो उर्वरकों के उपयोग के प्रति लगातार जागरूक कर रहा है, ताकि लागत कम हो, उत्पादन बढ़े और किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

