PTV BHARAT 16 JULY 2026 रायपुर : सरगुजा पर्यटन को नई उड़ान देने की पहल: फेम ट्रिप के अंतर्गत टूर ऑपरेटर्स ने अंबिकापुर के आतिथ्य और होटल सुविधाओं का लिया अनुभव – छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा सरगुजा संभाग के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में आयोजित फेम ट्रिप से एक दिन पूर्व अंबिकापुर में विशेष होटल भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमंत्रित टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स को सरगुजा में उपलब्ध उत्कृष्ट आवासीय सुविधाओं, आतिथ्य परंपरा और पर्यटन अनुकूल अधोसंरचना से परिचित कराना था, ताकि वे भविष्य में अधिक से अधिक पर्यटकों को इस क्षेत्र की ओर आकर्षित कर सकें।
कार्यक्रम के तहत देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स का होटल पर्पल आर्किड, अंबिकापुर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लगाकर एवं स्वागत पेय के माध्यम से आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों को होटल की आधुनिक आवासीय व्यवस्था, भोजन सुविधाओं, बैंक्वेट हॉल तथा अन्य अतिथि सेवाओं का विस्तृत अवलोकन कराया गया। होटल प्रबंधन ने अपने आतिथ्य के माध्यम से सरगुजा की समृद्ध मेहमाननवाजी परंपरा से सभी को परिचित कराया।
दोपहर के भोजन के बाद सभी अतिथियों को होटल माखन विहार, अंबिकापुर ले जाया गया, जहां होटल प्रबंधन ने आधुनिक सुविधाओं, आवासीय व्यवस्थाओं और अन्य सेवाओं की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान अतिथियों ने होटल की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।
होटल भ्रमण के बाद होटल संचालक की ओर से उच्च स्तरीय हाई-टी का आयोजन किया गया। इस दौरान सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों, जनजातीय संस्कृति तथा पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के संबंध में अपने सुझाव भी साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में सभी टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स ने अंबिकापुर के होटलों में उपलब्ध उत्कृष्ट सुविधाओं और आत्मीय आतिथ्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरगुजा संभाग प्रकृति, संस्कृति और विरासत का अनूठा संगम है तथा यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के परिचयात्मक भ्रमण से सरगुजा राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा तथा भविष्य में वे अधिक से अधिक देशी-विदेशी पर्यटकों को इस क्षेत्र की यात्रा के लिए प्रेरित करेंगे।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की यह पहल सरगुजा संभाग को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे कार्यक्रम पर्यटन उद्योग, स्थानीय होटल व्यवसाय, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

