PTV BHARAT 22 JULY 2026 सक्ती : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से किसानों में बढ़ा आत्मविश्वास – प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जिले के किसानों में आत्मविश्वास बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत सक्ती जिले के विकासखंड मालखरौदा के ग्राम नवागांव के किसान जितेन्द्र विजय बहादुर सिंह को कुल 7.47571 लाख रुपए की बीमा क्लेम राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि गतवर्ष खरीफ 2025 में अच्छी लागत के साथ खेती करने के बावजूद उनकी फसल का अच्छा उत्पादन नहीं हुआ था, जिसके कारण उन्हें आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा। उन्हीं की तरह गांव के किसानों का धान का उत्पादन अन्य वर्षों की तुलना में बहुत कम आया था, जिससे गांव के किसान बहुत चिंतित थे। उन्होंने आगे बताया कि गतवर्ष खरीफ 2025 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत अपनी धान फसल का बीमा कराया था, जिससे उनके खाते में कुल 7.47571 लाख रुपए की बीमा क्लेम राशि प्राप्त हुई। साथ ही गांव के जिन किसानों ने फसल बीमा कराया था, उन सभी के खाते में बीमा क्लेम राशि का हस्तांतरण हुआ है, जिससे किसानों के चेहरों पर खुशहाली आई है। जितेन्द्र विजय बहादुर सिंह का कहना है कि बीमा क्लेम राशि प्राप्त होने पर उनकी फसल नुकसान से हुई आर्थिक क्षति की भरपाई हो गई तथा प्राप्त राशि को घरेलू खर्च के साथ इस वर्ष धान की खेती में लगाएंगे। इस वर्ष भी अपनी फसल का बीमा कराएंगे और अन्य किसानों को भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल बीमा कराने की सलाह दे रहे हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को किसानों के हित में लाभकारी बताते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार गतवर्ष खरीफ में जिले में कुल 30,729 कृषकों द्वारा फसल बीमा कराया गया था। इनमें से धान फसल क्षति की स्थिति में अभी तक कुल 594 किसानों को 94.73622 लाख रुपए की बीमा क्लेम राशि प्राप्त हुई है। जिले के विकासखंड मालखरौदा के ग्राम चन्देलाडीह, छोटे सीपत, मुक्ता, नवागांव, सारसडोल एवं सुकलीपाली में धान सिंचित फसल की औसत उपज कम होने की स्थिति में किसानों को बीमा क्लेम राशि प्राप्त हुई है तथा ग्राम मालखरौदा के किसानों को धान असिंचित फसल की औसत उपज कम होने की स्थिति में बीमा क्लेम राशि प्राप्त हुई है।

