PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 सूरजपुर : वृद्धाश्रम में आयोजित हुआ राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मानसिक स्वास्थ्य शिविर – राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनएमएचपी) के अंतर्गत सूरजपुर स्थित छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान (वृद्धाश्रम) में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के निर्देशन तथा एनएमएचपी के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप नामदेव के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी निःशुल्क सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित शर्मा, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट सचिन मातुरकर तथा सीनियर नर्सिंग ऑफिसर नंदकिशोर वर्मा ने वृद्धजनों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। विशेषज्ञों ने व्यक्तिगत परामर्श, आवश्यक उपचार और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करते हुए अवसाद, चिंता, तनाव, डिमेंशिया, अनिद्रा तथा स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं को समझा तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, नियमित दिनचर्या बनाए रखने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। आवश्यकता अनुसार दवाइयों का वितरण किया गया तथा आगे के उपचार और नियमित फॉलो-अप के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा। वृद्धाश्रम प्रबंधन और वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

