सूरजपुर : महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े की उपस्थिति में जिले में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 सूरजपुर : महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े की उपस्थिति में जिले में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इसी क्रम में सूरजपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, युवाओं तथा विभिन्न युवा संगठनों के सदस्यों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगाने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री का सीधा प्रसारण देखा और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने युवाओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और हर प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि अनुशासन, शिक्षा और स्वस्थ जीवनशैली ही उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं। वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारण सामाजिक और आपराधिक घटनाओं में वृद्धि होती है, इसलिए इसे जनआंदोलन बनाना आवश्यक है।

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने युवाओं से जीवन में सफलता के लिए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने भी खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने की बात कही।

कार्यक्रम में लाइफलाइन एक्सप्रेस ट्रेन की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक विश्रामपुर में विभिन्न बीमारियों की निःशुल्क जांच, उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के तहत आगामी 100 सप्ताह तक विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत तथा अन्य युवा संगठनों के माध्यम से रैली, शपथ ग्रहण, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, संगीत, लघु फिल्म और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *