अम्बिकापुर : सूक्ष्म सिंचाई योजना से खेती बनी अधिक लाभकारी, ड्रिप सिंचाई अपनाकर किसान आनन्द राम पैकरा ने बढ़ाया सब्जी उत्पादन

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 अम्बिकापुर : सूक्ष्म सिंचाई योजना से खेती बनी अधिक लाभकारी, ड्रिप सिंचाई अपनाकर किसान आनन्द राम पैकरा ने बढ़ाया सब्जी उत्पादन – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। सरगुजा जिले में उद्यानिकी विभाग की सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत किसानों को ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाने के लिए अनुदान दिया जा रहा है, जिससे कम पानी में अधिक उत्पादन प्राप्त हो रहा है।

विकासखंड लुण्ड्रा के ग्राम झेराडीह निवासी प्रगतिशील किसान आनन्द राम पैकरा ने इस योजना का लाभ लेकर अपनी खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ा है। उनके पास 0.909 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें धान के साथ टमाटर और गोभी की खेती की जा रही है। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से उन्होंने लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई प्रणाली स्थापित की, जिसके लिए उन्हें शासन से 55 प्रतिशत अनुदान प्राप्त हुआ।

आनन्द राम पैकरा ने बताया कि पहले पारंपरिक सिंचाई में अधिक पानी, समय और श्रम लगता था तथा खेत में समान रूप से पानी पहुंचाना कठिन होता था। ड्रिप सिंचाई अपनाने के बाद पानी सीधे पौधों की जड़ों तक आवश्यक मात्रा में पहुंच रहा है, जिससे जल की बचत होने के साथ फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार हुआ है।

उन्होंने बताया कि ड्रिप प्रणाली के माध्यम से उर्वरकों का उपयोग भी अधिक प्रभावी ढंग से हो रहा है। पौधों को आवश्यक पोषक तत्व समय पर मिलने से टमाटर और गोभी की फसल बेहतर तैयार हो रही है। कम पानी, कम श्रम और अधिक उत्पादन के कारण सब्जी की खेती पहले की तुलना में अधिक लाभकारी बन गई है।

उद्यानिकी विभाग के अनुसार जिले में अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीकों से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है। वैज्ञानिक खेती और शासन की योजनाओं के सहयोग से किसान अपनी आय बढ़ाने के साथ कृषि को अधिक समृद्ध और आत्मनिर्भर बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *