कवर्धा : भोरमदेव पदयात्रा सावन के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को सुबह 07 बजे से

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 कवर्धा : भोरमदेव पदयात्रा सावन के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को सुबह 7 बजे से होगी शुरू – ऐतिहासिक जनआस्था के प्रतीक भोरमदेव मंदिर में सावन मास के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को भव्य भोरमदेव पदयात्रा आयोजित की जाएगी। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों तथा जिले में पूर्व में सेवाएं दे चुके वरिष्ठ अधिकारियों को पदयात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। यह 18 किलोमीटर लंबी पदयात्रा सुबह 7 बजे कवर्धा के बूढ़ा महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर भोरमदेव मंदिर पहुंचेगी।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की मंशानुसार जिला प्रशासन ने पदयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। पूरी यात्रा के दौरान चलित एम्बुलेंस, स्वास्थ्य परीक्षण, विश्राम की सुविधा और डीजे साउंड की व्यवस्था रहेगी। भोरमदेव मंदिर परिसर में कांवरियों के ठहरने के लिए विश्रामालय भी तैयार किए गए हैं।

पदयात्रा मार्ग पर समनापुर, बरपेलाटोला, कोडार, राजानवागांव, बाघुटोला, छपरी और भोरमदेव मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल और जलपान की व्यवस्था की गई है। पदयात्रा समाप्त होने के बाद भोरमदेव से कवर्धा तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समनापुर से भोरमदेव तक चारपहिया वाहनों की आवाजाही सुबह से दोपहर तक प्रतिबंधित रहेगी। लालपुर–सरोधा–भोरमदेव मार्ग को वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। सावन के प्रत्येक सोमवार को मंदिर परिसर में निःशुल्क भंडारा, प्रसादी और व्रतधारियों के लिए फलाहार की व्यवस्था भी रहेगी।

पदयात्रा को आकर्षक बनाने के लिए भगवान शिव, भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक संदेशों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा और छपरी स्कूल परिसर, ग्राम छपरी सहित निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *