PTV BHARAT 2 NOVEMBER 2026 – रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने देखा भारतीय वायु सेना का अद्भुत शौर्य और हवाई कौशल
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अनुशासन का साक्षी बना। यहां आयोजित सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के भव्य एयर-शो में राज्यपाल रमेन डेका शामिल हुए। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने साहसिक करतबों, सटीक नियंत्रण और उत्कृष्ट समन्वय से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पांच हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, हवाई करतबों, तिरंगे की मनमोहक छटा और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
राज्यपाल रमेन डेका ने वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर सारंग टीम की प्रस्तुति प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। वायु वीरों ने साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जो विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय देता है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।
सारंग टीम अनुशासन, विश्वास और सामूहिक प्रयास का उदाहरण
राज्यपाल ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर है, जो देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है। इसी तरह सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, कौशल और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और साहसिक करतबों के पीछे विस्तृत योजना, निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और असाधारण समन्वय होता है। प्रत्येक पायलट को अपनी भूमिका के साथ साथियों की गतिविधियों का भी ध्यान रखना पड़ता है। आपसी विश्वास और सटीक तालमेल से ही ऐसी प्रस्तुतियां संभव होती हैं। यह टीम युवाओं को अनुशासन, समर्पण और सामूहिक प्रयास से कठिन लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती है।
आकाशगंगा टीम ने पैराशूट से सटीक लैंडिंग कर दिखाई दक्षता
एयर-शो की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। जवानों ने खुले आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट को नियंत्रित करते हुए सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके प्रदर्शन में शारीरिक दक्षता, मानसिक एकाग्रता और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की झलक देखने को मिली। सफल लैंडिंग के बाद दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
गरुड़ कमांडोज ने किया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन
आकाशगंगा टीम के बाद गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष ऑपरेशन कौशल का प्रदर्शन किया। जवानों ने आठ हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग की। इसके बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया गया, जिसमें जवानों ने हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर अपनी दक्षता दिखाई। सेंध लेक के सामने रेस्क्यू एवं कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन कर उन्होंने कठिन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और मिशन पूरा करने की क्षमता का परिचय दिया। प्रस्तुति के बाद जवानों ने मंच को सलामी दी।
पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन और क्रॉसओवर ने रोमांचित किया
एयर-शो का प्रमुख आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन और रोमांचकारी करतब दिखाए। कभी हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब आते दिखाई दिए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरकर पुनः निर्धारित फॉर्मेशन में शामिल हो गए।
प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के बेहद नजदीक से गुजरने वाला ‘क्रॉसओवर’ करतब विशेष आकर्षण रहा। इस दौरान पायलटों के उड़ान नियंत्रण, एकाग्रता और आपसी तालमेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने प्रदेशवासियों के प्रति विशेष स्नेह भी व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर लोगों का अभिवादन किया। आसमान से गूंजे इस संदेश ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया।
तिरंगे की फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ समापन
एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। हेलीकॉप्टरों के सटीक समन्वय और आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस प्रस्तुति के साथ भव्य एयर-शो का समापन हुआ।
विश्वभर में 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर चुकी है सारंग टीम
भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह टीम अपने आकर्षक फॉर्मेशन और हवाई करतबों के माध्यम से भारतीय वायु सेना की सटीकता, अनुशासन और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का परिचय देती है। जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित अनेक देशों में टीम अब तक 1500 हवाई प्रदर्शन कर चुकी है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसदगण, विधायकगण, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

