रायपुर : सचिव भीम सिंह ने नारायणपुर के कोचवाही मल्टी एक्टिविटी सेंटर का किया निरीक्षण

PTV BHARAT 2 NOVEMBER 2026 – रायपुर : सचिव भीम सिंह ने नारायणपुर के कोचवाही मल्टी एक्टिविटी सेंटर का किया निरीक्षण

ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव एवं नारायणपुर जिले के प्रभारी सचिव भीम सिंह ने कोचवाही स्थित मल्टी एक्टिविटी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लेते हुए उनके उत्पादन, विपणन और आमदनी की जानकारी ली।

सचिव ने समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता से परिवारों की स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को समूहों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और बाजार से जुड़ाव की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

लड्डू निर्माण और सब्जी उत्पादन गतिविधियों का अवलोकन

निरीक्षण के दौरान सचिव भीम सिंह एवं कलेक्टर नम्रता जैन ने मां इंद्रावती स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित पौष्टिक लड्डू निर्माण इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, क्षमता, बिक्री और आय की जानकारी ली। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर विपणन पर ध्यान देने के साथ बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन बढ़ाने के लिए महिलाओं को प्रोत्साहित किया।

मुर्गीपालन और गायपालन के विस्तार के निर्देश

लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की मुर्गीपालन इकाई का निरीक्षण कर सचिव ने मुर्गियों की संख्या, उत्पादन, रखरखाव और आर्थिक लाभ की जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने गतिविधि के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता मांगी। इस पर सचिव ने अधिकारियों को आवश्यकताओं का आकलन कर सहयोग की संभावनाओं का परीक्षण करने और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गायपालन इकाई में उन्होंने पशुओं के रखरखाव, चारा व्यवस्था, दुग्ध उत्पादन और आय की जानकारी ली। महिलाओं द्वारा अतिरिक्त आर्थिक सहायता की मांग पर उन्होंने आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर समूह को संबंधित विभागीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

मछलीपालन और बटेरपालन को बढ़ावा देने पर जोर

सचिव ने मल्टी एक्टिविटी सेंटर में संचालित बटेरपालन इकाई का भी निरीक्षण किया और इसकी आर्थिक संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप नियमित आय देने वाली गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

इसके बाद उन्होंने गायत्री स्व-सहायता समूह द्वारा तालाब में किए जा रहे मछलीपालन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मछली उत्पादन, बिक्री और आय की जानकारी लेते हुए मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों को समूह की महिलाओं को बेहतर गुणवत्ता वाले मत्स्य बीज उपलब्ध कराने तथा आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।

मां शीतला स्व-सहायता समूह की सब्जी उत्पादन इकाई का निरीक्षण कर उन्होंने खेती, उत्पादन लागत, स्थानीय बाजार में बिक्री और प्राप्त लाभ की जानकारी ली। साथ ही सब्जी उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाने और महिलाओं को बाजार से बेहतर ढंग से जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा की।

महिला समूहों की आय बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

भीम सिंह ने कहा कि महिलाओं को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर उद्यमिता, उत्पादों के मूल्य संवर्धन, विपणन और व्यवसाय प्रबंधन से भी जोड़ना जरूरी है। इससे समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक समूह की मौजूदा गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की संभावनाओं का आकलन कर आय बढ़ाने के लिए व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा, ताकि मल्टी एक्टिविटी सेंटर महिलाओं के स्थायी स्वरोजगार और आर्थिक स्वावलंबन के केंद्र बन सकें।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नम्रता जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम सौरभ दीवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *