कवर्धा : विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 कवर्धा : विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना – भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माई भारत) द्वारा देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया और 100 सप्ताह तक चलने वाले अभियान की शुरुआत की। इसी क्रम में कवर्धा के स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम विद्यालय, दुर्गावती चौक में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन देखा और सुना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कवर्धा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवन जीने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए समाज में जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। देशभर के लगभग 25 हजार स्थानों पर आयोजित इस अभियान में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। अभियान में माई भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्र, युवा क्लबों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा विभिन्न सामाजिक और गैर-सरकारी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान, खेल गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फिटनेस, योग, ध्यान और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर रूचि शार्दूल, जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, सहायक संचालक एम.के. गुप्ता, माई भारत के जिला युवा अधिकारी राज पटेल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *