रायपुर : चिरमिरी क्षेत्र को नई रेल सौगात, ₹602 करोड़ की नई ब्रॉडगेज लाइन के लिए टेंडर जारी

PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : चिरमिरी क्षेत्र को नई रेल सौगात, ₹602 करोड़ की नई ब्रॉडगेज लाइन के लिए टेंडर जारी – छत्तीसगढ़ के चिरमिरी क्षेत्र को जल्द ही बेहतर रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने पाराडोल से नागपुर रोड स्टेशन तक नई ब्रॉडगेज सिंगल रेल लाइन के निर्माण तथा मौजूदा बोरीडांड–चिरमिरी लाइन के स्लूइंग कार्य के लिए ई-टेंडर जारी कर दिया है। ईपीसी मोड पर बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 601.90 करोड़ रुपये है, जबकि निर्माण कार्य दो वर्षों यानी 730 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह परियोजना मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले से जुड़ी है, जहां लंबे समय से बेहतर रेल सुविधा की मांग की जा रही थी। नई रेल लाइन बनने से चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कोयला और खनिज परिवहन को भी नई गति मिलेगी।

परियोजना के तहत पाराडोल टेकऑफ पॉइंट से नागपुर रोड स्टेशन तक लगभग साढ़े 17 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज सिंगल लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही बोरीडांड–चिरमिरी रेलखंड के एक हिस्से का स्लूइंग कार्य भी किया जाएगा। परियोजना में बड़े पुल, रोड ओवर ब्रिज, रोड अंडर ब्रिज, वायाडक्ट, आधुनिक सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क और विद्युतीकरण जैसे कार्य भी शामिल हैं। नई चिरमिरी स्टेशन, पाराडोल जंक्शन और नागपुर रोड स्टेशन से जुड़े विकास कार्य भी इसी योजना का हिस्सा होंगे।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस रेल परियोजना से एमसीबी जिले और चिरमिरी क्षेत्र की देश के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे स्थानीय उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, साथ ही पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।

परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से लंबित रेल विस्तार की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *